मरीजों को होगी परेशानी, हड़ताल पर जाएंगे हिंदू राव के डॉक्‍टर

मरीजों को होगी परेशानी, हड़ताल पर जाएंगे हिंदू राव के डॉक्‍टर

सेहतराग टीम

दिल्‍ली के नगर निगमों में पैसे की तंगी का असर इस बार मरीजों को भुगतना पड़ सकता है। दरअसल उत्तर दिल्ली नगर निगम द्वारा संचालित हिंदू राव अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बाधित होने की आशंका है क्योंकि बकाया वेतन को लेकर इसके रेजीडेंट डॉक्टरों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की योजना बनाई है। 

अस्पताल के रेजीडेंट डॉक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल चौधरी ने कहा कि पिछले तीन महीने से बकाया वेतन पर कुछ नहीं कहा जा रहा है। इसलिए करीब 450 रेजीडेंट डॉक्टर और इंटर्न सोमवार से हड़ताल पर जाने को मजबूर हैं।

चौधरी ने कहा, ‘हमारी परिसर में एक अस्थायी ओपीडी (बाह्य रोगी विभाग) खोलने की योजना है लेकिन अपने-अपने विभागों में नहीं जाएंगे और अन्य कार्य नहीं करेंगे। 

वित्तीय तंगी से जूझ रहा नगर निगम अपने सफाई कर्मियों सहित अन्य विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को नियमित वेतन देने में मुश्किलों का सामना कर रहा है।

निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि धन की कमी के चलते चिकित्सकों को वेतन देने में देर हो रही है और समस्या का हल करने की व्यवस्था की गई है। भाजपा शासित उत्तर दिल्ली नगर निगम ने वित्तीय संकट के लिए दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। 

गौरतलब है कि इससे पहले भी दिल्‍ली के नगर निगमों में आर्थिक तंगी के कारण कर्मचारियों का वेतन भुगतान कई महीनों तक लटका रहा था। तब निगम के सफाई कर्म‍ियों ने आंदोलन किया था और दिल्‍ली सरकार के मंत्रियों के घर के सामने कूड़ा डालना शुरू कर दिया था। इसका असर हुआ था और दिल्‍ली सरकार ने दबाव में आकर निगम के हिस्‍से का फंड जारी किया था। उसके बाद से पिछले दो सालों से इस मुद्दे पर शांति रही है मगर अब लग रहा है कि एक बार फ‍िर दिल्‍ली सरकार और नगर निगमों के बीच तलवारें खिंचने वाली है। जो भी हो, अंतत: इसका खा‍मियाजा दिल्‍ली की जनता को ही भुगतना होगा।

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।